“पीली छटा में नहाया विद्यालय: बसंत पंचमी पर्व के साथ नन्हे कदमों ने किया विद्या-पथ पर प्रवेश”
“संस्कार,संस्कृति और शिक्षा का संगम: बसंत पंचमी पर विद्यालय में उत्सव संग विद्या आरंभ”
कवर्धा: नगर के अशोका पब्लिक स्कूल प्रांगण में आज बसंत पंचमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा,उल्लास एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाया गया। संपूर्ण विद्यालय परिसर को पीले एवं श्वेत रंगों की सुसज्जित सजावट,पुष्प-मालाओं, रंगोली तथा आकर्षक तोरणों से अलंकृत किया गया,जिससे वातावरण में बसंत की मधुर छटा स्वतःही उतर आई।
कार्यक्रम का शुभारंभ ज्ञान,विद्या और वाणी की अधिष्ठात्री देवी माँ सरस्वती की भव्य प्रतिमा की पूर्ण विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ स्थापना एवं आरती से हुआ। विद्यालय संचालक पवन देवांगन, सारिका देवांगन तथा एपीएस 1 प्राचार्य एस.एल.नापित और एपीएस सीजी बोर्ड प्राचार्य लोकनाथ देवांगन के करकमलों द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ पूरा प्रांगण भक्तिरस से सराबोर हो उठा समस्त वैदिक मन्त्रोंचार विद्यालय संस्कृत आचार्य दीपक मिश्रा द्वारा विधिवत सम्पन्न कराया गया I कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों,विद्यार्थियों एवं अतिथियों ने माँ सरस्वती से विद्या,विवेक और सद्बुद्धि की कामना की इस अवसर पर विद्यालय के संचालक पवन देवांगन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बसंत पंचमी के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल ऋतु परिवर्तन का प्रतीक नहीं,बल्कि ज्ञानार्जन,अनुशासन और नवचेतना के आरंभ का पावन संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को विद्या को जीवन का आलोक मानते हुए सतत परिश्रम और संस्कारों के पथ पर चलने की प्रेरणा दी