महासमुंद:- महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम बगारदरहा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में राशन वितरण के दौरान बड़ी अनियमितता सामने आई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि राशन वितरण कर्ता महिला समिति द्वारा इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल में 1 से डेढ़ किलो तक कम वजन दिया जा रहा था।
जानकारी मिलने पर सरपंच, पंच एवं ग्रामीणों ने मौके पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे की जांच की, जिसमें वजन कम पाया गया। इसके बाद पंचनामा बनाकर कांटे को जब्त कर लिया गया। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि शक्कर बिना तौल किए डिब्बे से दी जाती है, जिसमें एक किलो भी पूरा नहीं होता।
मामले की सूचना पर मीडिया ने खाद्य अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, जिससे मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों ने दोषियों पर कार्रवाई एवं सही तौल के साथ समय पर राशन वितरण की मांग की है।