सिमगा :- राजीव गांधी शासकीय महाविद्यालय सिमगा का भवन बुरी तरह जर्जर अवस्था में पहुंच चुका है। जानकारी के अनुसार महाविद्यालय में लगभग 1200 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन भवन की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है। कई स्थानों पर भवन का सीमेंट टूटकर गिर रहा है और सरिए बाहर दिखाई दे रहे हैं, जिससे किसी भी समय गंभीर हादसे की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।
कॉलेज परिसर की यह स्थिति कहीं न कहीं दुर्घटना को निमंत्रण देती नजर आ रही है। छात्र-छात्राओं का कहना है कि जर्जर भवन को अति शीघ्र नए भवन से बदला जाए। इसके साथ ही छात्रों की संख्या के अनुरूप बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होने से पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।
विद्यार्थियों ने मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि पेयजल, शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था नहीं है मूलभूत सुविधाओं को शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग की गई है, ताकि अध्ययन कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस संबंध में जब प्रभारी प्राचार्य से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति को लेकर वे कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं। पत्राचार और मांग के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाई है। पिछले लगभग दो वर्षों से यह समस्या लगातार बनी हुई है।
अब छात्र-छात्राओं और कॉलेज प्रशासन ने शासन से मांग की है कि शासकीय महाविद्यालय सिमगा की जर्जर भवन समस्या सहित अन्य मूलभूत समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और शैक्षणिक व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।