राजनांदगांव :- पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव सुश्री अंकिता शर्मा (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में जिले में गुम हुए मोबाईल फोन की खोजबीन का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में थाना बसंतपुर पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम हुए 12 मोबाईल फोन सफलतापूर्वक खोजकर उनके वास्तविक धारकों को लौटाए हैं। बरामद किए गए मोबाईल फोन की अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
थाना प्रभारी बसंतपुर निरीक्षक एमन साहू के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के अंतर्गत विभिन्न कंपनियों के मोबाईल फोन ट्रेस कर बरामद किए गए। दिनांक 21 जनवरी 2026 को थाना बसंतपुर परिसर में सभी 12 मोबाईल संबंधित प्रार्थीगणों को सुपुर्द किए गए। अपने-अपने गुम मोबाईल वापस पाकर प्रार्थीगणों ने जिला पुलिस एवं थाना बसंतपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया।
इस कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पुष्पेंद्र नायक एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती वैशाली जैन के निर्देशन में सीसीटीएनएस आरक्षक भवानी थनापति और आरक्षक भुनेश्वर जायसी की भी सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई गुम मोबाईल मिले तो उसका दुरुपयोग न करते हुए नजदीकी थाना में जमा कराएं। थाना बसंतपुर पुलिस द्वारा आगे भी गुम मोबाईल की पतासाजी का कार्य निरंतर जारी रहेगा।