कोंडागांव = कोंडागांव जिले के मर्दापाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लखापुरी के ग्राम एहरा में प्राथमिक विद्यालय भवन को लेकर गंभीर स्थिति बनी हुई है। सोमवार को आयोजित शाला प्रबंधन समिति की बैठक में यह स्पष्ट हुआ कि जिस स्थान पर अब तक विद्यालय का संचालन हो रहा था, वह स्थानीय ग्रामीण पोहड़ू राम कोर्राम की निजी भूमि है। बीते दिनों हुए विवाद और झड़प के बाद भूमि स्वामी द्वारा विद्यालय संचालन पर आपत्ति जताए जाने के कारण वहां से स्कूल का संचालन बंद कर दिया गया है।
इसके बाद शाला प्रबंधन समिति और ग्रामवासियों की आपसी सहमति से गांव में ही स्थित एक शासकीय बंजर भूमि पर नवीन शाला भवन निर्माण का निर्णय लिया गया। वर्तमान में वैकल्पिक व्यवस्था के तहत विद्यालय का संचालन पेड़ के नीचे बनी झोपड़ी में किया जा रहा है, जहां कक्षा पहली से पांचवीं तक के लगभग 55 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
विद्यार्थियों की सुरक्षा और भविष्य को ध्यान में रखते हुए ग्राम एहरा के ग्रामीणों ने आज मंगलवार दोपहर 2 बजे जिला कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने जल्द से जल्द नवीन शाला भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम एहरा में पुराना विद्यालय भवन 25 वर्षों से जर्जर अवस्था में है और वर्तमान परिस्थितियों में बच्चों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। पेड़ के नीचे कक्षाएं लगने से बच्चों की सुरक्षा के साथ-साथ उनके शैक्षणिक भविष्य पर भी संकट मंडरा रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो बच्चों की शिक्षा पूरी तरह बाधित हो सकती है।