कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे का आह्वान — “शिवरीनारायण हमारा घर है, इसे स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी”
स्वच्छता सेनानी अभियान के अंतर्गत नदी-तट संरक्षण, श्रमदान एवं जनजागरूकता की ऐतिहासिक पहल
जांजगीर-चांपा, 4 जनवरी 2026/ माता शबरी की तपोभूमि एवं तीन नदियों के पावन संगम स्थल शिवरीनारायण को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक-मुक्त धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा एवं नगर पंचायत शिवरीनारायण की संयुक्त पहल “शबरी कार सेवा” का आज भव्य शुभारंभ किया गया। इस अभियान की शुरुआत स्वच्छता सेनानी अभियान के अंतर्गत सामूहिक श्रमदान, नदी-तट स्वच्छता एवं व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम के साथ की गई।
कार्यक्रम में कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गोकुल रावटे, एसडीएम जांजगीर श्री सुब्रत प्रधान, नगर पंचायत शिवरीनारायण अध्यक्ष श्री राहुल थवाईत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठन, स्व-सहायता समूह, विद्यार्थी, महिलाएँ, पुजारीगण एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नदी घाट पर श्रमदान कर स्वच्छता अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया।
“शबरी कार सेवा केवल अभियान नहीं, सतत संकल्प है” — कलेक्टर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा कि शिवरीनारायण एक पवित्र, ऐतिहासिक एवं धार्मिक नगरी है, जहाँ महानदी, शिवनाथ एवं जोंक नदियों का संगम इसकी पहचान है। ऐसी दिव्य धरोहर को स्वच्छ, सुंदर एवं प्लास्टिक-मुक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शबरी कार सेवा कोई एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाला अभियान है, जिसमें जनभागीदारी, अनुशासन एवं सतत प्रयासों से शिवरीनारायण को आदर्श धार्मिक नगर के रूप में विकसित किया जाएगा।
कलेक्टर ने कहा कि जिस प्रकार हम अपने घर को प्रतिदिन स्वच्छ रखते हैं, उसी तरह पूरे नगर को भी अपना घर मानकर स्वच्छ रखना होगा। कचरे का संग्रहण, गीले-सूखे कचरे का पृथक्करण एवं उसका शत-प्रतिशत निस्तारण हम सभी का दायित्व है। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि स्वच्छता की संस्कृति व्यापक रूप से विकसित हो।
स्वच्छता सेनानी के रूप में नागरिकों को दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को स्वच्छता सेनानी के रूप में जोड़ते हुए स्वच्छता संबंधी शपथ दिलाई गई। शपथ में खुले में कचरा नहीं फैलाने, घाटों एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, घर-घर गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, प्लास्टिक के उपयोग से बचने तथा समाज को स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प शामिल रहा।
सभी उपस्थित नागरिकों ने एक स्वर में कहा —
“शिवरीनारायण हमारा है और इसे स्वच्छ रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।”
“स्वच्छता केवल कार्यक्रम नहीं, नागरिक आदत बने”
कलेक्टर श्री महोबे ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या एक दिन का कार्य नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सतत जिम्मेदारी है। प्रशासन और नागरिकों की संयुक्त भागीदारी से ही शिवरीनारायण को आदर्श नगर के रूप में विकसित किया जा सकता है।
100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण पर विशेष जोर
अभियान के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करते हुए 100 प्रतिशत डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, खुले में कचरा फेंकने पर रोक एवं निरंतर निगरानी व्यवस्था लागू की जा रही है।
डस्टबिन-फ्री बाजार की पहल से स्वच्छ, सुव्यवस्थित एवं पर्यावरण-अनुकूल बाजार संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा। इसके साथ ही स्व-सहायता समूहों एवं महिलाओं को स्वच्छता गतिविधियों से जोड़कर रोजगार सृजन, नियमित आय एवं आत्मनिर्भरता के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
प्लास्टिक-मुक्त व्यवहार, नदी-तट प्रबंधन एवं पर्यटन विकास
नागरिकों से अपील की गई कि बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग करें और एकल-उपयोग प्लास्टिक से परहेज करें।
घाटों के सौंदर्यीकरण, एक्सपीरियंस ज़ोन के विकास, नाव संचालन एवं नदी-तट प्रबंधन के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं पर्यटन विकास को एक साथ सशक्त किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
स्वच्छता मित्रों का सम्मान
नगर की स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े सभी सफाई कर्मचारियों को “स्वच्छता मित्र” के रूप में सम्मानित किए जाने की घोषणा की गई। कलेक्टर ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के योगदान के बिना स्वच्छ शिवरीनारायण की कल्पना संभव नहीं है और उनका सम्मान पूरे समाज का दायित्व है।




