Vo दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा विकासखंड स्थित हितावर खेल मैदान में तीन दिवसीय ढोल नाचा एवं खेल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन बाबा कोंडराज वर्राट वड़ात कर्साकाल समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
इस आयोजन में कुआकोंडा, बड़े बचेली एवं कटेकल्याण क्षेत्र के खिलाड़ी तथा पारंपरिक ढोल नाचा दल उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन खेलों की शुरुआत रस्साखींच प्रतियोगिता से की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने जोश और खेल भावना का परिचय दिया। प्रतियोगिता में कबड्डी, वालीबॉल, गिल्ली डंडा, तीरंदाजी, गोलाफेंक, कुर्सी दौड़, भालाफेंक जैसे परम्परागत खेल खेले जायेगे।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन पूर्व विधायक देवती कर्मा ने माँ दंतेश्वरी एवं कोंडराज बाबा के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, खिलाड़ी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
आयोजन का उद्देश्य क्षेत्रीय खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक लोकनृत्य ढोल नाचा को बढ़ावा देना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।