एंकर – साल 2026 के पहले सूर्योदय के साथ ही नए वर्ष की शुरुआत धार्मिक आस्था और उल्लास के वातावरण में हुई। छत्तीसगढ़ की धार्मिक नगरी रतनपुर में स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां महामाया मंदिर में नव वर्ष के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह तड़के से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बिलासपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नए वर्ष का शुभारंभ मां महामाया के दर्शन के साथ करने मंदिर पहुंचे।श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना करते नजर आए। विशेष रूप से युवा वर्ग और महिलाएं नव वर्ष को लेकर काफी उत्साहित दिखीं। मंदिर परिसर “जय मां महामाया” के जयकारों से गूंजता रहा। भक्तों में गहरी आस्था और उत्साह का माहौल बना रहा।नव वर्ष के स्वागत के लिए मंदिर में विशेष पूजन-अर्चना और भव्य आरती का आयोजन किया गया। पुजारियों द्वारा विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। प्रशासन और मंदिर समिति की ओर से दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।आस्था, श्रद्धा और विश्वास के साथ मां महामाया के चरणों में शीश नवाकर श्रद्धालुओं ने 2026 के नए वर्ष की शुरुआत की और पूरे वर्ष के लिए माता से कृपा और आशीर्वाद की कामना की।