जिला मोहला –मानपुर–अम्बागढ़ चौकी में आज दिनांक 01 जनवरी 2026 को 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह (भा.पु.से.) द्वारा फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। यह सड़क सुरक्षा माह 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक मनाया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक महोदय ने अपने उद्बोधन में यातायात नियमों के पालन, नशे में वाहन न चलाने, हेलमेट व सीट बेल्ट के उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि नशे में वाहन चलाना जानलेवा है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री देवचरण पटेल, उप पुलिस अधीक्षक श्री ताजेश्वर दीवान के मार्गदर्शन में यातायात प्रभारी श्री शेषनारायण देवांगन एवं उनकी टीम उपस्थित रही।
इस अवसर पर आईटीआई कॉलेज के छात्र-छात्राएं, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कस्तूरबा कन्या विद्यालय की छात्राओं द्वारा स्वागत एवं सड़क सुरक्षा जन-जागरूकता गीत प्रस्तुत किया गया।
इसके पश्चात जन-जागरूकता रथ को पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा हरी झंडी दिखाकर जिले के हाट-बाजारों व कस्बों में यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार हेतु रवाना किया गया। साथ ही यमराज के वेश में यातायात आरक्षक द्वारा नशे में वाहन चलाने, बिना हेलमेट व तीन सवारी के दुष्परिणामों का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में लर्निंग लाइसेंस शिविर भी आयोजित किया गया। आम जनता से अपील की गई है कि यातायात नियमों का पालन करें एवं शिविर का लाभ उठाएं।



