कवर्धा कवर्धा कल भोरमदेव में आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह के प्रस्तावित कार्यक्रम के मद्देनज़र पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य ने कलेक्टर गोपाल वर्मा एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस महानिरीक्षक शांडिल्य ने भोरमदेव कार्यक्रम स्थल पर की जा रही समस्त प्रशासनिक, सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने हेलीपैड, सभा स्थल, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मंच व्यवस्था, विद्युत, पेयजल, स्वच्छता तथा आपातकालीन सेवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस महानिरीक्षक शांडिल्य ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष रूप से निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान वीआईपी सुरक्षा, आम नागरिकों की सुविधा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने पुलिस बल की तैनाती, निगरानी व्यवस्था तथा आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने हेतु वैकल्पिक योजनाओं की भी समीक्षा की।