“प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम का आयोजन
कर साझा की जानकारी
जांजगीर-चांपा जांजगीर-चांपा जिले में वर्ष 2025 के दौरान पुलिस ने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के नेतृत्व में जिले की पुलिस ने त्वरित कार्रवाई, गहन विवेचना और प्रभावी निगरानी के माध्यम से अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया है।
जिले में वर्ष 2025 के दौरान कुल 5489 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 5164 मामलों का सफल निराकरण किया गया। इस प्रकार जिले की कुल समाधान दर लगभग 94 प्रतिशत से अधिक रही, जो पुलिस की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
थाना स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। थाना शिवरीनारायण पुलिस ने जिले में सर्वाधिक बेहतर प्रदर्शन करते हुए 96.45 प्रतिशत मामलों का निराकरण कर एक मिसाल कायम की है।
पुलिस महानिरीक्षक, बिलासपुर रेंज द्वारा जिले में 10 प्रतिशत से अधिक मामले लंबित न रखने के निर्देश दिए गए थे। इस निर्देश का पालन करते हुए जांजगीर-चांपा जिले में केवल 5.92 प्रतिशत प्रकरण ही लंबित रहे, जो प्रशासनिक दक्षता और समयबद्ध कार्यवाही का स्पष्ट प्रमाण है।
वर्ष भर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों के शीघ्र खुलासे, अपराधों की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, साइबर अपराधों पर नियंत्रण एवं जागरूकता अभियान तथा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से जनता का पुलिस के प्रति विश्वास लगातार बढ़ा है।
इसी क्रम में आज दिनांक 31 दिसंबर 2025 को जिले में “प्रेस से मिलिए” कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को पुलिस अधीक्षक द्वारा वर्ष 2025 की प्रमुख कार्यवाहियों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना, कानून व्यवस्था को मजबूत करना और जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।