
राजनांदगांव बसंतपुर थाना पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम ने एक वर्ष से फरार चल रहे धोखाधड़ी के आरोपी रोशन अहिरवार (24) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी क्लब फोक्स मेन्स वियर शो-रूम में मैनेजर के पद पर कार्यरत था और उस पर 5,50,318 रुपये की हेरा-फेरी का आरोप है।प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी दुकान के हिसाब-किताब, नकदी और माल की जिम्मेदारी संभालता था। शिकायत की जांच में पता चला कि 60–70 हजार रुपये नकद और लगभग 4.50 लाख रुपये के कपड़े दुकान से गायब थे। इसके साथ ही आरोपी द्वारा जमा पावती रसीदों में छेड़छाड़ कर रकम बढ़ाने के भी प्रमाण मिले।अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी लगातार अलग-अलग राज्यों में ठिकाना बदलकर पुलिस से बच रहा था। सायबर सेल की तकनीकी मदद से पुलिस ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से जेल वारंट जारी होने के बाद उसे जेल भेज दिया गया।