
रायगढ़। जूट मिल थाना पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए छाता मुड़ा चौक के पास 25 टन अवैध कबाड़ से भरी एक ट्रक को जब्त किया है। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है।सूत्रों के अनुसार, जूट मिल थाना प्रभारी को देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा की ओर से एक ट्रक अवैध कबाड़ लेकर रायगढ़ की तरफ आ रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोका।जांच के दौरान चालक पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और न ही वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर पाया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक तथा चालक को अपनी हिरासत में ले लिया और संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी।जब्त किए गए कबाड़ की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।