

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में रविवार रात बड़ी हिंसक घटना सामने आई। जयनगर थाना क्षेत्र के कुंज नगर गांव में जुआ की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर धावा बोल दिया, तोड़फोड़ की और पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। स्थिति इतनी बेकाबू हो गई कि TI समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।जानकारी के मुताबिक, पुलिस को गांव में जुआ खेले जाने की खबर मिली थी। जैसे ही पुलिस टीम वहां पहुंची, जुआ खेल रहे युवक भागने लगे। इसी दौरान एक युवक कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की मौत की खबर फैलते ही ग्रामीण उग्र हो उठे।ग्रामीणों ने पहले थाने का घेराव किया, फिर देखते-देखते पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी। कई वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और थाने के अंदर भी नुकसान पहुंचाया गया। भीड़ ने पुलिसकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिसमें थाना प्रभारी (TI) के सिर पर गंभीर चोटें आईं। करीब पांच पुलिसकर्मी घायल बताए जा रहे हैं।घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। बताया जा रहा है कि आक्रोशित ग्रामीणों ने मुख्य सड़क को करीब पांच घंटे तक जाम रखा।पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि युवक की मौत की जांच की जाएगी और यदि किसी भी अधिकारी या जवान की लापरवाही सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है।