

भोपाल के मारवाड़ी रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में रविवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट है। बैंक के अंदर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया गया। आग लगने के समय बैंक बंद था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आग का कारण इलेक्ट्रिक शॉर्ट सर्किट सामने आया है। घटना में बैंक के अंदर रखे कंप्यूटर, फर्नीचर और कुछ दस्तावेज जलकर खाक हो गए। नुकसान का आंकलन फिलहाल किया जा रहा है।घटना के बाद बैंक प्रबंधन और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने की विस्तृत जांच जारी है और बिजली विभाग को भी इस संबंध में सूचित किया गया है।