

अयोध्या की धरती एक बार फिर लाखों दीयों की रोशनी से जगमगा उठी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में दीपोत्सव 2025 का भव्य आगाज हुआ। सरयू नदी के घाटों पर आरती और दीप प्रज्वलन के साथ पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बन गया।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव के शुभारंभ के मौके पर भगवान श्रीराम और माता सीता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि “अयोध्या की यह रोशनी भगवान राम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रतीक है। दीपोत्सव अब केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि ‘राम राज्य’ के मूल्यों का उत्सव बन चुका है।”इस बार प्रशासन ने नया विश्व रिकॉर्ड बनाने का लक्ष्य रखा है। अनुमान है कि 26 से 29 लाख दीपों से सरयू घाट और आसपास के 56 घाट जगमगाएंगे। रिकॉर्ड बनाने के लिए करीब 32 हज़ार स्वयंसेवक दीयों के प्रबंधन में जुटे हुए हैं।राम की पैड़ी पर दीप प्रज्वलन के साथ आसमान में लेजर और ड्रोन शो की चमक देखने को मिलेगी। पूरी राम नगरी को डिजिटल रोशनी और त्रि-आयामी (3-D) मैपिंग से सजाया गया है। धर्मपथ पर करीब 30 डिजिटल स्तंभ लगाए गए हैं जो रामायण की झलक दिखा रहे हैं।कार्यक्रम के दौरान श्रीराम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक का आयोजन भी हुआ। पूरी अयोध्या में भक्ति, संगीत और प्रकाश का अद्भुत संगम देखने को मिला। लाखों श्रद्धालु देश-विदेश से इस अवसर पर अयोध्या पहुंचे हैं