
पटना। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि “तेजस्वी अगर बदमाशी किए तो पीटे भी गए। बुरा उन्हें लगे जिन्होंने मुझे निकाला।” तेज प्रताप का यह बयान शुक्रवार को उस वक्त सामने आया, जब वे चुनावी दौरे पर निकले थे।तेज प्रताप यादव ने कहा कि अब वक्त आ गया है कि जो लोग उन्हें कमजोर समझ रहे थे, उन्हें जवाब दिया जाए। उन्होंने कहा कि राजनीति में वे किसी से डरने वाले नहीं हैं और अगर किसी ने उनके साथ बदसलूकी की है, तो उसका जवाब जनता देगी।उन्होंने अपने विरोधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “मैं सच्चाई के रास्ते पर चलता हूं, किसी के आगे झुकने वाला नहीं हूं। बुरा उन्हें लगे जिन्होंने मुझे पार्टी से निकाला, अब जनता फैसला करेगी।”तेज प्रताप यादव का यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई लोगों ने इसे भाईयों के बीच बढ़ते मतभेद से जोड़कर देखा है। वहीं राजद खेमे में इस बयान को लेकर हलचल मच गई है। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है।जानकारी के अनुसार, तेज प्रताप यादव लगातार चुनावी क्षेत्र में जनसंपर्क कर रहे हैं और हाल के दिनों में वे अपने बयानों के चलते चर्चा में बने हुए हैं।