
भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी पर बड़ा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल में बिहार जैसे राज्यों की प्रतिभा को दबाकर राज्य के विकास को वर्षों पीछे धकेल दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने बिहार की युवा शक्ति और संभावनाओं को “राजनीतिक स्वार्थ” की बलि चढ़ा दिया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस ने कभी भी योग्यता और मेहनत को महत्व नहीं दिया। उसने हमेशा परिवारवाद और वंशवाद को बढ़ावा दिया। बिहार जैसे राज्य, जहां प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, वहां कांग्रेस ने ऐसे नेताओं को आगे बढ़ने ही नहीं दिया जो जनता के बीच लोकप्रिय थे।”उन्होंने कहा कि बिहार के युवा अगर सही दिशा और अवसर पाते, तो आज राज्य देश के अग्रणी राज्यों में गिना जाता। लेकिन कांग्रेस ने वहां “नेतृत्व कुचलने की परंपरा” कायम की, जिससे राज्य की प्रगति रुक गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासन में प्रशासनिक व्यवस्था भ्रष्टाचार से ग्रसित रही, जिससे शिक्षा, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र ठप पड़ गए।भाजपा सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं को अवसर मिल रहे हैं और बिहार समेत देशभर में विकास की नई लहर दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा, “भाजपा सरकार योग्यता और परिश्रम को प्राथमिकता देती है। यही कारण है कि आज देश के पिछड़े राज्य भी तेजी से विकास कर रहे हैं।”