मरवाही—छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के साथ ही अवैध तस्करी तेज हो गई है। इसी बीच प्रशासनिक टीम ने गुरुवार देर शाम एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मध्यप्रदेश से अवैध तरीके से लाया जा रहा धान से भरा पिकअप वाहन पकड़ लिया। तहसीलदार शेष नारायण जायसवाल के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने घुसरिया गांव के पास घेराबंदी कर वाहन को जप्त किया।
गुप्त सूचना मिली थी कि पिकअप वाहन मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के खालबहरा क्षेत्र से जंगल रास्ते होते हुए छत्तीसगढ़ के निमधा आने वाला है। सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट हुआ और वाहन के सीमा में प्रवेश करते ही पीछा शुरू किया। चालक लगातार दिशा बदलकर टीम को चकमा देता रहा, लेकिन 15–20 किलोमीटर की कड़ी पीछा-कारी के बाद वाहन को रोक लिया गया।
जैसे ही पिकअप रुका, चालक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भाग गया। जांच में वाहन में बिना दस्तावेज का बड़ी मात्रा में धान मिला। मौके पर पंचनामा तैयार कर पिकअप और धान को मरवाही पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि अवैध धान की रोकथाम के लिए सीमावर्ती इलाकों में सख्त निगरानी और संयुक्त गश्त जारी रहेगी। दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।