
रायपुर, 15 नवम्बर 2025।मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में विपक्ष की स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है और अब वह “पूरी तरह फ्यूज बल्ब” की तरह हो गया है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार से बौखलाया विपक्ष अब संस्थाओं पर अनावश्यक सवाल उठाने लगा है।मुख्यमंत्री ने कहा कि जब विपक्ष को जीत मिलती है, तब न तो वे चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं और न ही ईवीएम पर, लेकिन जैसे ही हार होती है, वही संस्थाएँ अचानक उन्हें गलत दिखने लगती हैं। यह रवैया न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है, बल्कि जनता के विश्वास के साथ भी अन्याय है।उन्होंने कहा कि देश की जनता सब समझती है और अब विपक्ष की विरोधाभासी बयानबाज़ी से उसका भरोसा पूरी तरह उठ चुका है। लोकतंत्र में जनता के बीच जाकर काम करना आवश्यक होता है, लेकिन विपक्ष वास्तविक मुद्दों से दूर होकर निराधार आरोपों के सहारे भ्रम फैलाने में जुटा हुआ है।मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार केंद्र के मार्गदर्शन में पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है
और यही विश्वास विपक्ष अब खो चुका है।