
महासमुंद जिले के बसना क्षेत्र में आज नेशनल हाइवे-53 पर अचानक चक्का जाम की स्थिति पैदा हो गई। यह विरोध कुडकेल नाला पुल के पुनर्निर्माण की मांग को लेकर किया गया, जो ग्रामीणों के अनुसार पिछले 10 वर्षों से जर्जर और क्षतिग्रस्त स्थिति में है।कुडकेल नाला पुल से जुड़े चार गाँवों के ग्रामीणों ने सुबह से ही बसना मेन चौक और सरायपाली–बसना बायपास के पास सड़क पर बैठकर आवागमन पूरी तरह रोक दिया। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार मांग करने के बावजूद प्रशासन द्वारा पुल पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई, जिससे उन्हें रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सूचना मिलते ही बसना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित करने तथा ट्रैफिक सुचारू कराने के प्रयास शुरू कर दिए। फिलहाल पुलिस ग्रामीणों से बातचीत कर रास्ता खुलवाने की कोशिश कर रही है।