

भोपाल बायपास पर बने रेलवे ओवरब्रिज (ROB) से जुड़ी रेनफोर्ड अर्थ वॉल (RE Wall) की सड़क सोमवार को अचानक धंस गई। सड़क में करीब 20 फीट गहरा और 100 मीटर लंबा गड्ढा बन गया। गड्ढा इतना बड़ा है कि उसमें एक साथ सैकड़ों वाहन समा सकते हैं।सड़क धंसने की घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और जांच के आदेश जारी कर दिए। सरकार ने कहा है कि जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यह हादसा दिन की बजाय रात में होता, तो बड़ी संख्या में जानी नुकसान हो सकता था, क्योंकि भोपाल बायपास से हर मिनट लगभग 25 से 30 वाहन गुजरते हैं। ब्रिज के उतार पर वाहनों की रफ्तार 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा तक रहती है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्रिज धंसने से कुछ ही मिनट पहले ट्रक, बसें, कारें और टू-व्हीलर उसी रास्ते से गुजर रहे थे। मौके पर मौजूद चश्मदीद भगवत यादव ने बताया कि उन्होंने सड़क पर दरार देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों की आवाजाही रुकवाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।