

पूर्वी अफ्रीकी देश मेडागास्कर में तख्तापलट की खबर सामने आई है। जेन-जेड प्रदर्शनकारियों ने हफ्तों चले विरोध के बाद राष्ट्रपति आंद्रे राजोएलिना को सत्ता छोड़ने पर मजबूर कर दिया। हिंसक होते विरोध को देखते हुए राजोएलिना अपने पूरे परिवार के साथ देश छोड़कर फ्रांस भाग गए।जानकारी के अनुसार, राजोएलिना ने एक दिन पहले ही दावा किया था कि सेना की मदद से देश में तख्तापलट की कोशिशें की जा रही हैं। यह जेन-जेड के ताजा विद्रोह और सत्ता में बैठे शीर्ष अधिकारियों के पद छोड़ने का नया मामला है। इससे पहले पिछले महीने नेपाल में भी जेन-जेड के बड़े विरोध प्रदर्शन हुए थे, जिसके बाद वहां के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दिया था।फ्रांस ने की मददमीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के अनुरोध पर रविवार को फ्रांसीसी सैन्य विमान ने राजोएलिना को मेडागास्कर से सुरक्षित निकाल लिया। इससे पहले फ्रांसीसी दूतावास ने अपने पूर्व उपनिवेश में किसी भी सैन्य हस्तक्षेप से इंकार किया था। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में कहा गया है कि फ्रांस के राष्ट्रपति कार्यालय और विदेश मंत्रालय ने इस मामले पर पूछे गए सवालों का तुरंत जवाब नहीं दिया।प्रदर्शन का कारण और हिंसाजेनरेशन जेड के प्रदर्शनकारियों ने पिछले महीने पानी और बिजली की कमी के विरोध में आंदोलन शुरू किया था। इसके चलते हजारों लोग सड़कों पर उतरे और सुरक्षा बलों तथा युवाओं के बीच झड़पें हुईं, जिसमें कम से कम 22 लोग मारे गए।ये युवा बुनियादी सुविधाओं की कमी और सरकारी भ्रष्टाचार से नाराज थे। मेडागास्कर में हुए इस प्रदर्शन ने हाल ही में मोरोक्को, इंडोनेशिया, नेपाल और केन्या जैसे देशों में हुए युवाओं के विरोध प्रदर्शनों की याद दिला दी।