
छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बारसूर स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल एक गंभीर विवाद के केंद्र में आ गया है। यहां की छात्राओं ने अपनी शिक्षिका माधुरी उइके पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।बच्चियों का कहना है कि शिक्षिका न केवल विद्यार्थियों को अपशब्द कहती हैं, बल्कि स्कूल के अन्य शिक्षकों के साथ भी अभद्र व्यवहार करती हैं। छात्राओं के अनुसार, “माधुरी मैम हमें गालियां देती हैं, डांटती हैं और कई बार मारती भी हैं। उनके बर्ताव की वजह से कई शिक्षक स्कूल छोड़ चुके हैं।”छात्राओं ने बताया कि उन्होंने पूरे मामले की शिकायत जिला कलेक्टर से भी की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी से नाराज होकर 10 अक्टूबर को कई छात्र-छात्राएं कक्षाएं छोड़कर स्कूल से बाहर निकल गए।वहीं, इस पूरे मामले में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद एक जांच टीम गठित की गई है। “अगले 3 से 4 दिनों के भीतर जांच पूरी कर ली जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी,” अधिकारी ने कहा।इस विवाद पर जब शिक्षिका माधुरी उइके से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की।फिलहाल, छात्राओं और अभिभावकों में रोष का माहौल है। सभी की नजरें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।