जांजगीर-चांपा जिले के थाना बलौदा पुलिस को नाबालिग बालिका के अपहरण के गंभीर मामले में मात्र तीन दिनों के भीतर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले का संक्षिप्त विवरण
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 16 जनवरी 2026 को थाना बलौदा क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका को अज्ञात आरोपी द्वारा बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। परिजनों की रिपोर्ट पर थाना बलौदा में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर अपहृता एवं आरोपी की पतासाजी तेज की गई। तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से लगातार दबिश दी जाती रही।
बरामदगी एवं गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान दिनांक 19 जनवरी 2026 को पुलिस टीम ने नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। साथ ही आरोपी सुनील कश्यप, उम्र 20 वर्ष, निवासी पचरी, थाना अकलतरा, जिला जांजगीर-चांपा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाबालिग बालिका को शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा ले जाने तथा उसके साथ अनाचार करने का अपराध स्वीकार किया।
कानूनी कार्यवाही
आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2), 96, 64(M), 65(1) एवं पॉक्सो अधिनियम की धारा 4 व 6 के तहत विधिवत कार्यवाही की गई। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस पूरी कार्यवाही में निरीक्षक मनोहर सिन्हा (थाना प्रभारी बलौदा), उप निरीक्षक प्रतिभा राठौर, प्रधान आरक्षक मुकेश यादव एवं थाना बलौदा के समस्त स्टाफ का उल्लेखनीय एवं सराहनीय योगदान रहा।