बिलासपुर जिले के बिल्हा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत बरतोरी में जनपद पंचायत अध्यक्ष रामकुमार कौशिक पर अवैध उत्खनन एवं परिवहन का गंभीर आरोप सामने आया है। जानकारी के अनुसार पिछले तीन सप्ताह में एक जेसीबी मशीन (CG 10 BK 4868) और 4–5 ट्रैक्टरों के माध्यम से करीब 700 से 1000 ट्रिप मुरूम व मिट्टी का अवैध खनन कर परिवहन किया गया।
स्थानीय लोगों और जेसीबी संचालक के अनुसार यह कार्य अध्यक्ष रामकुमार कौशिक के कहने पर किया जा रहा था। मौके पर मौजूद एजेंट भी खनन की अनुमति के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पाए। पत्रकारों द्वारा फोटो-वीडियो बनाए जाने पर ट्रैक्टरों को खाली कर मशीन सहित मौके से फरार हो गए।
मामले की सूचना तत्काल एसडीएम बिल्हा, थाना प्रभारी एवं अन्य अधिकारियों को दी गई है। अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। अब देखना यह है कि शासन-प्रशासन इस मामले में क्या ठोस कदम उठाता है।