कोरबा/गेवरा-दीपका :- एशिया की सबसे बड़ी कोयला खदानों में शामिल साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की गेवरा परियोजना में कोयला लिफ्टिंग को लेकर दो निजी कंपनियों के बीच हुए विवाद पर दीपका पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने KCPL और केके ट्रांसपोर्ट—दोनों कंपनियों के लोगों के विरुद्ध गैर-जमानती धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। दीपिका थाना प्रभारी प्रेमचंद्र साहू ने बताया कि जल्द ही दोनों पक्षों के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा
जानकारी के अनुसार, कोयला लिफ्टिंग को लेकर हुए विवाद के दौरान हिंसा व अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई थी। हैरानी की बात यह है कि यह पूरी घटना वहां तैनात सुरक्षा बलों की मौजूदगी में हुई, जबकि खदान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था SECL की जिम्मेदारी है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर दीपका पुलिस द्वारा की गई यह कार्रवाई संबंधित आरोपियों के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 331(6), 296, 115(2) एवं 351(2) के तहत दोनों कंपनियों के लोगों के विरुद्ध गैर-जमानती अपराध दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।