महासमुंद -महासमुंद जिले के ऐतिहासिक सिरपुर में आज केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत पहुंचे। उन्होंने सिरपुर के प्रमुख पुरातात्विक स्थलों का निरीक्षण कर इसके संरक्षण और संवर्धन का भरोसा दिलाया
केंद्रीय मंत्री श्री गजेन्द्र सिंह शेखावत आज महासमुंद जिले के प्राचीन और ऐतिहासिक स्थल सिरपुर के दौरे पर रहे। हेलीपैड पर उनका जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वागत किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल भी उनके साथ मौजूद रहे
केंद्रीय मंत्री ने लक्ष्मण देवालय, आनंद प्रभु कुटी विहार, तिवरदेव विहार, सुरंग टीला और स्थानीय हाट बाजार का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सिरपुर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है।
सिरपुर आकर गौरव की अनुभूति हो रही है। यहां के पुरातात्विक स्थलों का संरक्षण और संवर्धन किया जाएगा। कनेक्टिविटी और सुविधाएं बढ़ाकर पर्यटन को नई पहचान दी जाएगी
केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुरातात्विक स्थलों की मूल संरचना को सुरक्षित रखते हुए सड़क, साइन बोर्ड, सूचना केंद्र और स्वच्छता जैसी सुविधाएं विकसित की जाएं। सिरपुर को वर्ल्ड हेरिटेज सूची में शामिल कराने के प्रयास भी जारी रहेंगे।राज्य सरकार केंद्र के साथ मिलकर सिरपुर के समग्र विकास के लिए काम कर रही है, जिससे पर्यटन और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा
सिरपुर का यह दौरा पर्यटन के साथ-साथ सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण की दिशा में अहम माना जा रहा है।


