

रायपुर, 22 अक्टूबर 2025/ दीपावली पर्व के अवसर पर आज राजभवन में राज्यपाल श्री रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल श्री डेका द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ की गई। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।समारोह में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री सहित आमंत्रित अतिथियों ने भी राज्यपाल को दीपावली की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस अवसर पर राज्य की प्रथम महिला श्रीमती रानी डेका काकोटी एवं राज्यपाल के परिजन भी उपस्थित थे।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति को दर्शाती विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।पारंपरिक लोक नृत्य ‘राउत नाच’ की मनमोहक प्रस्तुति श्री केशव राम यादव एवं दल द्वारा दी गई, वहीं सूफी गायक पद्मश्री मदन चौहान के मधुर गीत और विधायक श्री अनुज शर्मा के भजन प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और आनंद का संचार कर दिया।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश श्री रमेश सिन्हा, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, वन मंत्री श्री केदार कश्यप, संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल, मुख्य सचिव श्री विकासशील, पुलिस महानिदेशक श्री अरुण देव गौतम, सांसद श्रीमती रूप कुमारी चौधरी, विधायकगण, पूर्व राज्यपाल श्री रमेश बैस, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।