शहर के मोहरा रोड स्थित वार्ड में आज वार्डवासियों ने दारू भट्टी के विरोध में चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि क्षेत्र में पहले से संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग वे लंबे समय से कर रहे हैं, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब उसी स्थान के पास प्रीमियम शॉप के रूप में नई दारू भट्टी खोले जाने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
वार्डवासियों का आरोप है कि शराब दुकान के कारण आसपास के रहवासियों, महिलाओं और बच्चों को आए दिन असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसी को लेकर आक्रोशित लोगों ने सड़क पर बैठकर धरना दिया और आवागमन बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक दारू भट्टी नहीं हटाई जाती और प्रीमियम दुकान बंद नहीं की जाती, तब तक वे धरने से नहीं उठेंगे। मौके पर पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।