खैरागढ़. समीपस्थ ग्राम खैरबना में 26 दिसंबर 2025 से 3 जनवरी 2026 तक संगीतामय श्रीमद् भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से प्रभु इच्छा तक निज निवास, ग्राम खैरबना, डोकराभांठा, खैरागढ़ में होगी।
इस पावन आयोजन में परम श्रद्धेय आचार्य श्री नरेंद्र नयन शास्त्री जी, जिन्हें श्रद्धालु चाय वाले बाबा के नाम से जानते हैं (सिलयारी धाम, रायपुर), अपने ओजस्वी एवं संगीतामय प्रवचनों से पंचम वेद मान्य श्रीमद् भागवत पुराण का रसपान कराएंगे। कथा के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का संदेश दिया जाएगा।
आयोजनकर्ता राजपरिवार की ओर से आयश सिंह (बोनी) ने बताया कि यह ज्ञान यज्ञ पितृ देवताओं एवं पूर्वजों के कल्याण, आत्मिक शुद्धि और सामाजिक सद्भाव का अवसर है। आयोजकों ने समस्त भागवत प्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर पुण्यलाभ अर्जित करने की अपील की है।