
केरल दौरे के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ एक बड़ा हादसा टल गया। कोझिकोड में लैंडिंग के दौरान उनके हेलिकॉप्टर के पिछले पहिए नए बने अस्थायी हेलिपैड की कंक्रीट सतह में धंस गए। हालांकि, सुरक्षा अधिकारियों की तत्परता से स्थिति को तुरंत संभाल लिया गया और राष्ट्रपति पूरी तरह सुरक्षित रहीं। किसी को भी कोई चोट नहीं आई है।जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति मुर्मू सोमवार को अपने आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए केरल पहुंची थीं। वापसी के दौरान उनका हेलिकॉप्टर कोझिकोड जिले के एक अस्थायी हेलिपैड पर उतरा। लैंडिंग के तुरंत बाद हेलिकॉप्टर के पिछले पहिए उस स्थान पर धंस गए, जहां कंक्रीट का काम हाल ही में पूरा हुआ था और वह पूरी तरह सूखा नहीं था।घटना के बाद राष्ट्रपति की सुरक्षा में तैनात एसपीजी और वायुसेना के अधिकारियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। हेलिकॉप्टर को स्थिर किया गया और राष्ट्रपति को सुरक्षित बाहर निकाला गया।अधिकारियों ने बताया कि हेलिपैड की सतह पर काम हाल ही में किया गया था, इसलिए वह पूरी तरह मजबूत नहीं हो पाया था। घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं।