.
23 दिसंबर की दरम्यानी रात प्रशासन ने चिवराकुटा में अवैध रूप से चल रहे गैस सिलेंडर रिफिलिंग कारोबार का पर्दाफाश करते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
सरायपाली एसडीएम अनुपमा आनंद के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में छह कैप्सूल ट्रकों सहित सैकड़ों गैस सिलेंडर, गैस टंकियां और रिफिलिंग से जुड़े उपकरण जब्त किया है। यह पूरा कार्य बिना किसी वैध अनुमति और सुरक्षा मानकों के किया जा रहा था, जिससे किसी भी समय बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी।
जानकारी अनुसार एसडीएम अनुपमा आनंद अपनी टीम के साथ बीती रात अवैध धान परिवहन की जांच और कार्रवाई के लिए निरीक्षण पर निकली थीं। इसी दौरान ग्राम चिवराकुटा के पास एक इंडेन गैस का कैप्सूल ट्रक जंगल मार्ग पर संदिग्ध अवस्था में जाते हुए दिखाई दिया। संदेह होने पर प्रशासनिक टीम ने ट्रक का पीछा किया, तो राष्ट्रीय राजमार्ग 53 से लगे एक गोदाम में छह कैप्सूल ट्रकों से गैस सिलेंडरों में रिफिलिंग की जा रही थी। प्रशासनिक टीम को देखते ही रात के अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक और रिफिलिंग करा रहा व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
इसके बाद एसडीएम ने तत्काल सिंघोड़ा थाना पुलिस और खाद्य विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। संयुक्त कार्रवाई में 06 कैप्सूल ट्रकों के अलावा 100 से अधिक गैस सिलेंडर, टंकियां और रिफिलिंग उपकरण जब्त किए गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध गतिविधि पूरी तरह से नियमों की अनदेखी करते हुए की जा रही थी।
इस अवैध कारोबार का संचालन कौन कर रहा था?
हालांकि प्रशासन ने अभी इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
मामले के खुलासे के बाद दर्जनों सवाल है जिसका जवाब विभिन्न विभागों के अधिकारी भी ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं।