
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर राज्य को मिलने वाले केंद्रीय फंड में हो रही देरी पर तीखा हमला बोला है। पटवारी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा जारी की जाने वाली राशि का बहुत कम हिस्सा अब तक राज्य को मिला है, जिससे कई विकास योजनाएं प्रभावित हो रही हैं।पटवारी ने अपने पत्र में लिखा है कि वित्त वर्ष 2025–26 में केंद्र सरकार ने मध्यप्रदेश के लिए ₹44,355.95 करोड़ की राशि स्वीकृत की थी, लेकिन अब तक केवल ₹8,027.12 करोड़ यानी करीब 18% फंड ही जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि इतनी धीमी रफ्तार से फंड जारी होना राज्य की वित्तीय स्थिति और विकास योजनाओं के लिए “बेहद चिंताजनक” है।कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने के बावजूद “डबल इंजन सरकार” समन्वय की जगह टकराव में उलझी हुई है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, पीएम ई-बस योजना और शहरी विकास परियोजनाएं फंड की कमी के कारण ठप पड़ी हैं।”पटवारी ने यह भी दावा किया कि जल जीवन मिशन में गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार के आरोपों के कारण केंद्र ने फंड जारी करना रोक दिया है। उन्होंने मांग की कि सरकार इन आरोपों की निष्पक्ष जांच कराए और लंबित परियोजनाओं को जल्द शुरू करे।