पेंड्रा—बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रहे निरंतर अत्याचार, हिंसा और मानवाधिकारों के उल्लंघन के विरोध में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंगदल द्वारा पेंड्रा के दुर्गा चौक में विरोध प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया। यह कार्यक्रम जिला गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के विश्व हिंदू परिषद, बजरंगदल और मातृशक्ति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने बांग्लादेश में निर्दोष हिंदुओं की हत्या, मंदिरों और संपत्तियों पर हो रहे हमलों की कड़ी निंदा की। विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष हर्ष छाबरिया ने कहा कि हिंदुओं पर हो रहे हमले न केवल एक समुदाय बल्कि पूरी मानवता के लिए कलंक हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को गंभीरता से उठाने की मांग की।
वक्ताओं ने कहा कि भारत हिंदुओं का एकमात्र देश है और यदि भारत हिंदुओं की सुरक्षा व सम्मान के लिए आवाज नहीं उठाएगा, तो उनके लिए कोई और खड़ा नहीं होगा। कार्यक्रम के माध्यम से केंद्र सरकार से बांग्लादेश में हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित कराने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की गई।
इस मौके पर स्वामी कृष्णप्रपन्नाचार्य जी महाराज, बजरंगदल जिला संयोजक सागर पटेल, मातृशक्ति संयोजिका प्रिया त्रिवेदी, जिला मंत्री प्रकाश साहू, जिला सह मंत्री निखिल परिहार सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे।