बिलासपुर – जिले में धान खरीदी को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगातार सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। बिलासपुर जिले में कुल 140 धान खरीदी केंद्र संचालित हैं, जिनकी हर सप्ताह नियमित समीक्षा और निगरानी की जाती है। इसी कड़ी में मॉनिटरिंग के बाद जिला मुख्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की जाती है, जहां सभी खरीदी केंद्रों में हो रही धान खरीदी की प्रगति, लक्ष्य पूर्ति और व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली जाती है।इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभा कक्ष ‘मंथन’ में धान खरीदी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, खाद्य विभाग, सहकारी समितियों और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी खरीदी केंद्र अपने-अपने निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करें। साथ ही किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।बैठक में पिछले सप्ताह की गई मॉनिटरिंग रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई। इस दौरान एमरसाही धान खरीदी केंद्र में सत्यापन के बाद धान की मात्रा में कमी पाई गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने संबंधित धान खरीदी केंद्र के संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिला प्रशासन ने यह भी कहा कि आगे भी सभी खरीदी केंद्रों की सख्त निगरानी जारी रहेगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों का विश्वास बना रहे और धान खरीदी व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे।