संस्कारधानी राजनांदगांव में नए साल की शुरुआत खेलों के रोमांच के साथ होने जा रही है। राजनांदगांव फुटबॉल लीग (RFL)–2026 का आयोजन 1 से 10 जनवरी 2026 तक स्टेट हाई स्कूल ग्राउंड में किया जाएगा। यह लीग फ्लड लाइट 7-ए-साइड फुटबॉल प्रारूप में खेली जाएगी, जिसमें जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। RFL का यह दूसरा संस्करण है, जिसे लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह है।
इस वर्ष लीग में 12 फ्रेंचाइजी टीमें हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों के लिए आयोजित ऑक्शन में 182 पंजीकृत खिलाड़ियों में से 144 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। आयोजन समिति द्वारा टीमों को लॉट सिस्टम से दो ग्रुप में बांटा गया है, जिससे मुकाबले और भी प्रतिस्पर्धी होंगे।
दर्शकों की सुविधा के लिए मुकाबलों का यूट्यूब पर लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। लीग में विजेता टीम को ₹71,000 तथा उपविजेता को ₹41,000 नकद एवं ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अलावा मैन ऑफ द मैच, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, गोल्डन बूट और बेस्ट गोलकीपर जैसे पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजन काका फुटबॉल क्लब के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार RFL का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, नशे और अपराध से दूर रखना तथा जिले में फुटबॉल संस्कृति को मजबूत करना है।