सुकमा- बस्तर के सुकमा जिले में छत्तीसगढ़ रूरल मेडिकल कोर (CRMC) योजना के तहत लंबित भुगतान के विरोध में स्वास्थ्य कर्मियों ने आज से ओपीडी सेवाएं बंद कर दी हैं। इस हड़ताल के कारण मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
CRMC योजना के तहत चिकित्सक, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, स्टाफ नर्स और एएनएम को प्रोत्साहन राशि दी जाती है, लेकिन लगभग एक साल से इसका भुगतान लंबित है। स्वास्थ्य कर्मियों ने शासन और प्रशासन से कई बार ज्ञापन सौंपा है, लेकिन कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया है।
हड़ताल के कारण जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी सेवाएं बंद हैं, लेकिन आपातकालीन सेवाएं और प्रसव सेवाएं यथावत हैं। स्वास्थ्य कर्मियों ने शासन से मांग की है कि लंबित CRMC राशि का भुगतान किया जाए और योजना निरंतर बनी रहे।
