विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं खेल मंत्री अरुण साव के संयुक्त प्रयासों से राजनांदगांव की “हॉकी नर्सरी” को करोड़ों की सौगात मिली है। खेल सुविधाओं के उन्नयन हेतु अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम के एस्ट्रोटर्फ नवीनीकरण, विभिन्न विकास कार्यों तथा भवन–सड़क निर्माण के लिए लगभग 6 करोड़ 4 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके अलावा एथलेटिक्स रनिंग ट्रैक निर्माण के लिए 9 करोड़ 34 लाख 26 हजार रुपये तथा खेल संबंधी विविध कार्यों के लिए सीएसआर मद से 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इस उपलब्धि पर जिला हॉकी संघ राजनांदगांव के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर मधुसूदन यादव के निवास पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और मुंह मीठा कराकर खुशी जाहिर की। संघ ने इस बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करने का श्रेय विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मुख्यमंत्री, खेल मंत्री, सांसद संतोष पाण्डेय एवं महापौर को दिया।
उल्लेखनीय है कि एस्ट्रोटर्फ रिप्लेसमेंट, रनिंग ट्रैक सहित खेल सुविधाओं की मांग लंबे समय से लंबित थी। महापौर की पहल पर कलेक्टर जितेंद्र यादव से समन्वय कर शासन स्तर पर त्वरित कार्रवाई हुई। शासन की स्वीकृति से जिले के खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है। इस अवसर पर जिला एथलेटिक्स संघ, अन्य खेल संघों एवं भाजपा पार्षदों ने भी जनप्रतिनिधियों का आभार जताया।

