
विकासखंड छुरा के ग्राम फूलबाहरा के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर चल रहे कथित अवैध कब्जे को हटाने की मांग को लेकर मंगलवार को छुरा तहसीलदार गैंदलाल साहू को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों का आरोप है कि श्रवण कुमार गोंड, निवासी दादरगांव (नया) द्वारा 2.89 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर वर्षों से कब्जा किया गया है, जिसे ग्राम की ओर से चारागाह (चरागाह) भूमि के रूप में निर्धारित किया गया था।ग्रामीणों का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद संबंधित व्यक्ति भूमि खाली करने तैयार नहीं है। इससे गांव के पशुपालकों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि चारागाह भूमि पर कब्जा होने से मवेशियों के चरने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि करीब 4 माह पहले भी इसी मामले की शिकायत गरियाबंद कलेक्टर के जनदर्शन में की गई थी, साथ ही अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) छुरा को भी ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बावजूद अब तक न तो कोई जांच शुरू हुई है और न ही कोई कार्रवाई की गई है, जिससे विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं होती है, तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।वहीं, मामले में जब तहसीलदार गैंदलाल साहू से बात की गई तो उन्होंने कहा कि “मामले की जांच की जाएगी और जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।”अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन आने वाले दिनों में इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्या का समाधान कब तक हो पाता है।