
जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं अनुशासित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बसना विकासखंड शिक्षा अधिकारी बद्री विशाल जोल्हे एवं विकासखंड स्रोत केंद्र समन्वयक समग्र शिक्षा अनिल सिंह साव द्वारा परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भूकेल, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना, मॉडर्न पब्लिक स्कूल बसना तथा सेंट चार्ल्स स्कूल खेमड़ा परीक्षा केंद्र शामिल रहे।इस अवसर पर बीईओ जोल्हे ने परीक्षा केंद्रों में कक्ष व्यवस्था, उपस्थिति, गोपनीयता एवं अनुशासन की गहन समीक्षा की तथा संबंधित केंद्राध्यक्षों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जानकारी के अनुसार पूरे बसना विकासखंड से 1416 छात्र-छात्राओं का पंजीयन हुआ था, जिसमें से 1184 छात्र-छात्राएं प्रवेश परीक्षा में सम्मिलित हुए।

परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुई।नवोदय विद्यालय समिति द्वारा आयोजित यह प्रवेश परीक्षा विशेष रूप से ग्रामीण अंचलों के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित की जाती है। चयनित विद्यार्थियों को नि:शुल्क आवासीय शिक्षा, छात्रावास, भोजन, गणवेश, पाठ्यपुस्तकें, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं खेलकूद सहित समग्र विकास के अवसर प्राप्त होते हैं।प्रवेश परीक्षा में मानसिक योग्यता परीक्षण 50 अंक, अंकगणित परीक्षण 25 अंक तथा भाषा परीक्षण 25 अंक के कुल 100 अंकों के प्रश्न पूछे गए। परीक्षा में शामिल छात्र-छात्राएं उत्साहित एवं प्रसन्न नजर आए
