सुकमा – सुकमा जिले के जगरगुंडा इलाके में एक युवक की एंबुलेंस के अभाव में मौत हो गई। बारसे रामेश्वरम (40 साल) नामक युवक के हाथ पांव में सूजन और पेट में दर्द की शिकायत थी। स्वजन ने कई बार एंबुलेंस के लिए फोन लगाया, लेकिन घंटों का समय बीतने के बाद भी एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो पाई। इसके बाद स्वजन दुपहिया वाहन पर युवक को इलाज के लिए रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंच पाते कि उससे पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया।
स्वजन ने शव को ले जाने के लिए एंबुलेंस की मांग की, लेकिन अवकाश होने का हवाला दिया गया और एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। आखिरकार स्वजन परेशान होकर खाट पर शव को घर ले गए। यह घटना जिला मुख्यालय सुकमा से करीब 90 किमी दूर स्थित जगरगुंडा अस्पताल में हुई है, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी और अधिकारियों की लापरवाही के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।