जांजगीर। जिले में नशाजनित घरेलू हिंसा और पारिवारिक तनाव के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए महिला सेल जांजगीर पुलिस ने एक सराहनीय कदम उठाया है। चौकी पंतोरा क्षेत्र की एक पीड़िता द्वारा अपने पति के विरुद्ध की गई शिकायत पर पुलिस ने संवेदनशीलता दिखाते हुए युवक को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने की पहल की।
पीड़िता ने शिकायत में बताया कि उसका पति लंबे समय से शराब, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करता रहता है। नशे की हालत में वह घरवालों से विवाद करता है और कई बार मारपीट की घटनाएं भी हो चुकी हैं। परिवार की सुरक्षा और भविष्य को लेकर चिंतित पीड़िता ने महिला सेल से मदद की गुहार लगाई थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशों का पालन करते हुए डीएसपी श्रीमती कविता ठाकुर ने अपनी टीम—एएसआई ज्ञान प्रकाश खाखा, महिला प्रधान आरक्षक निशा पाण्डेय तथा अनुका तिर्की—के साथ मौके पर पहुंचकर शराब के आदी युवक को समझाइश दी। टीम ने उसे नशा मुक्ति के महत्व, परिवार पर उसके दुष्प्रभाव और सुधार के अवसरों के बारे में जागरूक किया।
लगातार समझाइश और काउंसलिंग के बाद युवक को नव जीवन नशा मुक्ति केंद्र, जांजगीर भेजा गया। वहां उसे चिकित्सकीय उपचार, काउंसलिंग और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे वह नशे की आदतों को छोड़कर एक स्वस्थ और जिम्मेदार जीवन की ओर बढ़ सके।
पुलिस की इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है। समय पर की गई यह कार्रवाई न केवल पीड़िता और उसके परिवार के लिए राहतकारी साबित हुई, बल्कि युवक के लिए भी एक नई उम्मीद लेकर आई है।
महिला सेल जांजगीर पुलिस की ऐसी संवेदनशील और सकारात्मक कार्यवाहियां समाज को यह संदेश देती हैं कि नशे की समस्या से जूझ रहे व्यक्तियों को दंड नहीं, बल्कि उपचार और सहयोग की आवश्यकता होती है।

