बिहार विधानसभा चुनाव से पहले महागठबंधन (RJD-कांग्रेस गठबंधन) में टिकट बंटवारे को लेकर घमासान तेज हो गया है। रविवार सुबह पटना में राबड़ी देवी के सरकारी आवास के बाहर उस वक्त हंगामा मच गया जब मधुबन सीट से टिकट के दावेदार मदन साह ने अपना कुर्ता फाड़ लिया और सड़क पर रोते-बिलखते बैठ गए।मदन साह ने मीडिया से बातचीत में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि संजय यादव ने मधुबन विधानसभा सीट से टिकट देने के लिए ₹2.70 करोड़ की मांग की, और जब उन्होंने इतनी बड़ी रकम देने से इंकार किया तो टिकट किसी और को दे दिया गया।उन्होंने कहा, “मैंने पार्टी के लिए सालों तक काम किया, जनता के बीच मेहनत की, लेकिन जब टिकट का समय आया तो मुझसे पैसे मांगे गए। यह गरीब कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय है।”इस पूरे घटनाक्रम के बाद राबड़ी आवास पर माहौल तनावपूर्ण बना रहा। पार्टी की ओर से फिलहाल इस आरोप पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।उधर, बिहार चुनाव के पहले चरण की वोटिंग में अब केवल 19 दिन बचे हैं, लेकिन महागठबंधन की सीट शेयरिंग पर अभी तक कोई औपचारिक घोषणा नहीं हुई है। कांग्रेस ने अब तक 53 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है, जबकि राजद (RJD) ने अपनी पहली सूची में 52 नामों की घोषणा की है।राजनीतिक जानकारों का कहना है कि सीट बंटवारे में देरी और टिकट वितरण को लेकर बढ़ता असंतोष महागठबंधन के लिए नुकसानदायक साबित हो सकता है।वहीं, बिहार की सबसे चर्चित सीट राघोपुर पर इस बार भी मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है — यहां तेजस्वी यादव का सामना भाजपा के सतीश यादव से होगा।