बिलासपुर- नेहरू चौक में आज सड़क सुरक्षा को लेकर एक शानदार और जोरदार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एसबीटी महाविद्यालय और राष्ट्रीय सेवा योजना की टीम ने मिलकर यह अभियान चलाया, जिसमें लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में सरल और सीधी भाषा में समझाया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीतों के साथ हुई। युवाओं ने गीतों के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया कि जीवन अनमोल है और सड़क पर छोटी-छोटी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। कॉलेज की एनएसएस इकाई ने राहगीरों को रोककर उनसे अपील की कि वे बिना हेलमेट गाड़ी न चलाएं और दोपहिया वाहन चलाने से पहले हमेशा सुरक्षा नियमों का पालन करें।टीम ने आने-जाने वाले लोगों से कहा हेलमेट आपकी सुरक्षा ढाल है। इसे पहनना आपकी जिम्मेदारी है।ओवरस्पीडिंग न करें, शराब पीकर गाड़ी न चलाएं और यातायात संकेतों का पालन करें।कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने जनसंदेश बोर्ड, पोस्टर और नारे दिखाकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कई राहगीरों ने खुद आगे आकर हेलमेट पहनने और यातायात नियमों को अपनाने का संकल्प भी लिया। एनएसएस के स्वयंसेवकों ने बताया कि यह अभियान पूरे शहर में अलग-अलग जगहों पर चलाया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सड़क सुरक्षा के महत्व को समझ सकें।कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि सिग्नल तोड़ना, गलत दिशा में वाहन चलाना और मोबाइल फोन पर बात करते हुए ड्राइव करना बेहद खतरनाक है। टीम ने लोगों से अपील की कि वे खुद भी नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
नेहरू चौक में चलाया गया यह प्रयास वाकई काबिल-ए-तारीफ रहा। युवाओं का जोश और लोगों का सहयोग देखकर साफ दिखा कि अगर समाज मिलकर प्रयास करे, तो सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। कार्यक्रम का संदेश साफ है।सुरक्षित रहें, नियमों का पालन करें…क्योंकि आपकी जिंदगी आपके अपनों के लिए कीमती है