गरियाबंद – गरियाबंद जिले के नवनिर्वाचित कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुखचंद बेसरा आज प्रथम बार छुरा नगर पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। जैसे ही उनका काफिला स्वर्ण जयंती चौक पहुंचा, कांग्रेसजनों ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ विजय जुलूस निकालकर जिला नेतृत्व पर जताए गए विश्वास के प्रति आभार व्यक्त किया।
इसके बाद बेसरा सीधे शीतला माता मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर जिले की उन्नति और संगठन की मजबूती के लिए आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने भी उनके नेतृत्व में नई ऊर्जा के संचार की बात कही।
अगले चरण में वे छुरा विश्राम गृह पहुंचे, जहां आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें जो दायित्व मिला है, वह सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि वे पार्टी के सिद्धांतों और संगठन की मर्यादा को सर्वोपरि रखते हुए पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता से कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वे लगातार क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं के संपर्क में रहेंगे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह और एकजुटता का माहौल देखने को मिला।