खैरागढ़— जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर उप तहसील जालबांधा में मुख्य मार्ग पर संचालित मुर्गा–मछली दुकानों को हटाने की मांग को लेकर विवाद तेज हो गया है। ग्रामीणों व पूर्व विधायक प्रतिनिधि रिंकू गुप्ता ने प्रशासन पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए चक्का जाम की चेतावनी दी है। 15 सितंबर 2025 को गुप्ता ने ग्रामीणों के साथ तहसीलदार को आवेदन देकर दुकानों को मुख्य मार्ग से हटाने, स्वच्छता सुनिश्चित करने व अपशिष्ट निस्तारण की व्यवस्था की मांग की थी। इसके बाद सतनामी समाज के प्रतिनिधियों ने कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहब से मुलाकात की, जिनके निर्देश पर कलेक्टर को कार्रवाई के निर्देश जारी हुए और ग्राम सभा में भी प्रस्ताव पारित हुआ, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
स्थिति जस की तस रहने पर रिंकू गुप्ता ने पुनः कलेक्टर को ज्ञापन देकर 1 दिसंबर से पहले कार्रवाई की मांग की थी और कार्रवाई न होने पर चक्का जाम की चेतावनी दी थी, जिसके बाद जनपद सीईओ जालबांधा पहुंचे और दुकान संचालकों को दुकानें पीछे लगाने व सफाई रखने के निर्देश दिए हैं, पर ग्रामीण इसे अस्थायी समाधान बता रहे हैं और आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
उधर दुकान संचालकों का कहना है—“हम 20–25 वर्षों से दुकान लगा रहे हैं, अब अचानक कहां जाएं?”