
ढाका।बांग्लादेश की राजधानी ढाका के हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (Hazrat Shahjalal International Airport) पर शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। आग लगने के बाद एयरपोर्ट पर सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी गईं।जानकारी के अनुसार, आग दोपहर करीब 2:15 बजे हवाई अड्डे के कार्गो टर्मिनल में लगी, जहां बड़ी मात्रा में सामान रखा हुआ था। देखते ही देखते आग तेजी से फैल गई और काला धुआं पूरे टर्मिनल परिसर में फैल गया। आग की लपटें इतनी भीषण थीं कि एयरपोर्ट के कई हिस्सों को खाली करवाना पड़ा।सूत्रों के मुताबिक, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। हालांकि शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की 12 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। बचाव कार्य में बांग्लादेश एयरफोर्स, नेवी और सिविल एविएशन अथॉरिटी की टीमें भी शामिल हुईं।अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कई कर्मचारियों को धुएं के कारण सांस लेने में तकलीफ हुई, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि सभी आगमन और प्रस्थान उड़ानें फिलहाल निलंबित हैं। कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को चिटगांव और सिलहट एयरपोर्ट की ओर डायवर्ट किया गया है।हजरत शाहजलाल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बांग्लादेश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है, जहां रोजाना सैकड़ों घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें संचालित होती हैं। इस आग से एयर ट्रैफिक पर बड़ा असर पड़ा है।बांग्लादेश सिविल एविएशन अथॉरिटी ने कहा है कि आग पर अब काबू पा लिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है।सरकार ने सभी यात्रियों से अपील की है कि वे एयरलाइन से संपर्क में रहें और नई उड़ान समयसूची के लिए आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।