
लखनऊ।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि भारत की हालिया सैन्य कार्रवाई ‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल एक ट्रेलर था। उन्होंने चेतावनी दी कि पाकिस्तान की धरती का हर इंच अब भारत की सुपरसोनिक क्रूज़ मिसाइल ‘ब्रह्मोस’ की रेंज में है।लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल उत्पादन इकाई से पहली खेप को हरी झंडी दिखाने के मौके पर राजनाथ सिंह ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर ने यह साबित कर दिया कि जीत अब हमारे लिए कोई घटना नहीं बल्कि एक आदत बन चुकी है। जो कुछ हुआ, वह सिर्फ एक ट्रेलर था।”उन्होंने कहा कि ब्रह्मोस सिर्फ एक मिसाइल नहीं बल्कि भारत की रक्षा आत्मनिर्भरता और सामरिक क्षमता का प्रतीक है। राजनाथ ने बताया कि आज भारत अपनी जरूरत के अधिकतर हथियार खुद बना रहा है और जल्द ही रक्षा निर्यात के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयां हासिल करेगा।रक्षा मंत्री ने कहा कि ब्रह्मोस मिसाइल प्रणाली ने यह दिखा दिया है कि भारत अब किसी भी खतरे का जवाब देने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने दोहराया कि भारत की नीति शांति की है, लेकिन अगर किसी ने सीमा पार से नज़र उठाई तो उसे करारा जवाब मिलेगा।राजनाथ सिंह के इस बयान को विशेषज्ञ पाकिस्तान के लिए एक सख्त चेतावनी और भारत की रक्षा नीति में आत्मविश्वास के संकेत के रूप में देख रहे हैं।