

बिलासपुर। गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी में NSUI के छात्रों का कुलपति आलोक चक्रवाल के खिलाफ प्रदर्शन लगातार उग्र होता जा रहा है। शुक्रवार को NSUI नेताओं ने कुलपति पर भ्रष्टाचार और मनमानी के आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। इस दौरान मंच से NSUI के एक नेता ने कहा कि “अगर कुलपति ने अपनी मनमानी बंद नहीं की तो उन्हें चड्डी पहनाकर पूरे कैंपस में घूमाएंगे।”प्रदर्शन में कांग्रेस विधायक अटल श्रीवास्तव भी शामिल हुए। उन्होंने छात्रों का समर्थन करते हुए कहा, “ढाई साल बाद सरकार बदलेगी, तब हम बताएंगे कि विश्वविद्यालय में क्या-क्या गड़बड़ियां हुई हैं।” उन्होंने कुलपति से तुरंत छात्रों की समस्याएं सुलझाने की मांग की और कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।छात्रों का आरोप है कि विश्वविद्यालय में भर्ती, टेंडर और सीड मनी जैसी योजनाओं में भारी अनियमितताएं की जा रही हैं। उनका कहना है कि कुलपति अपने चहेतों को लाभ पहुंचा रहे हैं और पारदर्शिता पूरी तरह खत्म हो चुकी है।वहीं, विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि NSUI का आंदोलन राजनीतिक उद्देश्यों से प्रेरित है और छात्रों की समस्याओं का समाधान नियमों के अनुसार किया जा रहा है।